चीन सहित 21 देशों से लौटे यात्री दें स्वास्थ्य विभाग को जानकारी
इंदौर। 15 जनवरी के बाद चीन सहित 21 देशों से लौटे सभी लोगों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। स्वास्थ्य विभाग इन लोगों की जांच करेगा। गंभीर लक्षण दिखने पर अस्पताल में और लक्षण नहीं दिखने पर घर पर ही अलग रखा जाएगा। इन्हें व परिवार के सभी सदस्यों को एन 95 मास्क दिया जाएगा। वहीं नमूने लेकर मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लेबोरेटरी में भेजा जाएगा। रविवार को ये निर्देश क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. जेएस अवास्या ने इंदौर व उज्जैन संभाग के सीएमएचओ को दिए। कोरोना वायरस को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की नई गाइड लाइन के अनुसार नमूने संग्रहण करने व एहतियात बरतने की जानकारी दी गई।
जो लोग यात्रा से लौटे हैं, उन्हें सीएमएचओ ऑफिस के कंट्रोल रूम नंबर 0731-2537253 पर जानकारी देनी होगी। सभी जिलों के लिए ये दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में बताया गया 15 जनवरी के बाद जिसने चीन विशेषकर वुहान शहर से आने वाले लोगों की जानकारी सीएमएचओ को देना जरूरी है। इसके अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, सिंगापुर, आस्ट्रेलिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, नेपाल, श्रीलंका, संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, संयुक्त अरब अमीरात, हांगकांग, मकाऊ, फिलीपींस, ताईवान व फिनलैंड से लौटे यात्रियों के बारे में भी जानकारी देना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम दिन में दो बार ऐसे लोगों की निगरानी कर जांच करेगी। नमूने लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज की लेबोरेटरी में भेजा जाएगा। बैठक में इंदौर संभाग व उज्जैन संभाग के सीएमएचओ सहित एमवायएच अध्ाीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर, डॉ. सलिल भार्गव, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिता मुथा, सिविल सर्जन डॉ. संतोष वर्मा, आईडीएसपी प्रभारी डॉ. संतोष सिसोदिया मौजूद रहे।
पीसी सेठी अस्पताल में लगाई ड्यूटी
संदिग्ध मरीजों की सूचना मिलने पर पीसी सेठी अस्पताल में उनके नमूने लिए जाएंगे। डॉक्टरों व लैब तकनीशियन की ड्यूटी लगाई गई है। विमानतल पर भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए टीम गठित की गई है।
लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे एन 95 मास्क
डब्ल्यूएचओ की नई गाइडलाइन के अनुसार बिना लक्षण वाले सभी लोगों को घर पर ही अलग रखा जाएगा। उन्हें एन 95 मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। स्वजन को थ्री लेयर मास्क लगाना अनिवार्य है। यह दिशा निर्देश बीमारी को फैलने से बचाने एहतियात के तौर पर जारी किए गए हैं। प्रभारी सीएमएचओ डॉ. पूर्णिमा गडरिया ने बताया कि ऐसे लोगों से सीएमएचओ ऑफिस में जानकारी देने व सार्वजानिक जगहों पर नहीं जाने की अपील की गई है।